दिल्ली हाईकोर्ट में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सेकेंड-हैंड कार खरीद-बिक्री की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक वकील ने साल 2023 में अपनी कार पुरानी कारों की बिक्री से जुड़ी ऑनलाईन कंपनी Spinny के जरिए बेची थी। लगभग 3 साल बाद पुलिस से मिले एक नोटिस ने उनके होश उड़ा दिए। फिर क्या हुआ और ऐसे मामलों से कैसे बचा जा सकता है.. आगे स्टोरी में
पुरानी कार बेचने पर सावधान करने वाला मामला
दिल्ली हाईकोर्ट में ही वकील रहे शंकर कुमार झा ने सोचा नहीं था कि 2023 में Spinny के जरिए बेची अपनी कार के लिए 3 साल बाद उन्हें थाने के चक्कर काटने पड़ सकते हैं। जून 2026 में उन्हें पुलिस की ओर से आबकारी अधिनियम से जुड़े एक FIR मामले में नोटिस मिला। वो चौंक गए क्योकि पुलिस रिकॉर्ड में वाहन अब भी उनके नाम दर्ज था। चूंकि वो खुद वकील थे मामले की गंभीरता समझ रहे थे, तुरंत राहत के लिए उन्होंने अदालत का रुख किया। उन्होंने अदालत को बताया कि उन्होंने कई बार RC ट्रांसफर कराने की मांग की थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। इस कारण उन्हें ऐसे अपराध में कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ा जिससे उनका कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था।
दिल्ली हाईकोर्ट ने क्या कहा?
अदालत ने मामले को गंभीर माना कि प्रथम दृष्टया याचिकाकर्ता की शिकायत विचारणीय है।
अदालत ने केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस और संबंधित प्री ओन्ड कार प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।
अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी।
अदालत ने यह भी साफ किया कि मामले में सभी पक्षों का जवाब आने के बाद आगे की सुनवाई होगी।
अदालत अब यह भी देखेगी कि वाहन बेचने के बाद कानूनी जिम्मेदारी किसकी बनती है? क्या केवल RC रिकॉर्ड के आधार पर किसी व्यक्ति को आपराधिक जांच में शामिल किया जा सकता है? यह मामला भविष्य के समान मामलों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आरसी ट्रांसफर स्टेटस सबसे जरूरी बात
दरअसल मोटर व्हीकल एक्ट Motor Vehicles Act, 1988 मोटर वाहन कानून के तहत वाहन का स्वामित्व बदलने के बाद उसका पंजीकरण रिकॉर्ड भी समय पर अपडेट होना आवश्यक है। यदि RC पुराने मालिक के नाम बनी रहती है तो पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों के रिकॉर्ड में वही व्यक्ति वाहन का कानूनी स्वामी माना जाता है। ऐसे में ट्रैफिक चालान, दुर्घटना, अपराध या अन्य कानूनी नोटिस सबसे पहले उसी पंजीकृत मालिक को भेजे जा सकते हैं। इसलिए केवल वाहन बेच देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि RC ट्रांसफर पूरा होना भी उतना ही जरूरी है। और इसे हर पुरानी गाड़ी बेचने वाले को ध्यान रखना चाहिए।

