रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश संयोजक बृजेश नाथ पाण्डेय के नेतृत्व में भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। सैकड़ों महिला एवं पुरुष अधिवक्ताओं ने दुपहिया वाहनों पर तिरंगा लेकर रैली में भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के गगनचुंबी नारों से रैली मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया

रैली अम्बेडकर चौक, कलेक्ट्रेट रायपुर से प्रारंभ होकर आकाशवाणी चौक, सुभाष स्टेडियम, कालीबाड़ी और नगर निगम मुख्यालय होते हुए न्यायालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान अधिवक्ताओं के देशभक्ति से जुड़े नारों ने आम नागरिकों में भी उत्साह और राष्ट्रभक्ति का संचार किया।
रैली प्रारंभ होने से पूर्व अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश नाथ पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैभव पूरी दुनिया में बढ़ रहा है और देश विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सशक्त भारत का निर्माण और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
पाण्डेय ने कहा कि समता, सामाजिक समरसता और आमजन को संवैधानिक अधिकारों से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भी इन प्रयासों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नंद कुमार साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ लगातार सशक्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज आमजन के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से भी आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों सहित कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
विशेष विद्रोही बघेल
मीडिया प्रभारी
भाजपा विधि प्रकोष्ठ, रायपुर जिला
