दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग का निर्वाचन संम्पन्न होने के साथ ही अंतिम परिणाम घोषित किये गये |संघ कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर रमेश शर्मा निर्वाचित हुए है | उन्होने दो वर्षीय कार्यकाल वाले संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में संघ की पूर्व अध्यक्ष नीता जैन को 268 वोटों से पराजित किया। श्री शर्मा ने यह जीत दर्ज कर दूसरी बार अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया है। इस चुनाव में रमेश शर्मा 604 वोट, नीता जैन 336 वोट, उमा भारती साहू 218 वोट और गुलाब सिंह पटेल को 177 वोट मिले।
अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशी 50 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। वहीं सचिव पद पर रविशंकर सिंह ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज कर लगातार 5 वी बार संघ का सचिव निर्वाचित होने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विजय कुमार चौधरी को 167 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में रविशंकर सिंह 636 वोट, विजय कुमार चौधरी 469 वोट व हेमंत कुमार मिश्रा ने 307 वोट हासिल किए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रशांत कुमार जोशी लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। श्री जोशी ने ब्रजेश शुक्ला को 261 वोटों से पराजित किया। इसी प्रकार कनिष्ठ उपाध्यक्ष पूजा मोंगरी, सह-सचिव राकेश यदु, सह-सचिव (महिला आरक्षित) कुमारी संध्या, कोषाध्यक्ष साकेत आर मिश्रा, ग्रंथालय सचिव ज्ञानप्रकाश तिवारी, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव रविशंकर मानिकपुरी, महिला आरक्षित सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर कुमारी दशोदा निर्वाचित घोषित किए गए है।
नव-निर्वाचित कोषाध्यक्ष साकेत आर मिश्रा पूर्व में संघ के कार्यकारिणी सदस्य पद के दायित्व को बखूबी संभाल चुके है, वहीं रविशंकर मानिकपुरी ने तीसरी बार सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर अपना परचम लहराया है। यह चुनावी परिणाम आज घोषित किए गए। चुनाव के नतीजे आने के साथ ही विजयी प्रत्याशियों के स्वागत का दौर शुरु हो गया।
अधिवक्ताओं द्वारा मिठाईयां बांटकर और गाजे-बाजे की धुन में नाच गाकर अपनी खुशियों का ईजहार किया गया। जिससे पूरा न्यायालय परिसर खुशियों से गुलजार रहा। बता दें कि जिला अधिवक्ता संघ के कुल 17 पदों के लिए शनिवार को अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया था। इस चुनाव में कुल 64 प्रत्याशी मैदान में थे।
इस चुनाव में कुल 1702 मतदाताओं में से 1454 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान का कुल प्रतिशत 85.50 रहा। बुथ क्रमांक-1 में 227, बूथ क्रमांक-2 में 276, बूथ क्रमांक-3 में 243, बूथ क्रमांक-4 225, बूथ क्रमांक-5 में 239, बूथ क्रमांक 6 में 244 मत पड़े थे। रविवार को सुबह 9 बजे से देर रात तक पदाधिकारी पदों की मतगणना पूरी की गई।
सोमवार को 7 कार्यकारिणी सदस्य पद के चुनाव की मतगणना की गई। जिसके उपरांत अंतिम चुनाव परिणाम घोषित किए गए। यह चुनावी प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव पांडेय के मार्गदर्शन में पूरी की गई। जिसमें उप मुख्य चुनाव अधिकारी इसराईल शरीफ, मुरली मनोहर देवांगन, राजेश महाडिक, श्याम मिश्रा, हरेन्द्र प्रसाद शाह,असीम कुमार सिंह व टीम के अन्य सदस्यों ने सहयोग दिया।

