महाराजा का केवल ‘सिंहासन’ ही सबसे बड़े बेटे को मिलेगा, शाही संपत्ति नहीं’, सुप्रीम कोर्ट ने 49 साल पुराने मुकदमे को खत्म कर दिया

सुप्रीम कोर्ट ने महाराजाओं की संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पूर्व महाराजा की केवल गद्दी ही उत्तराधिकार के नियम के अनुसार उत्तराधिकार में दी जा सकती है। इसके तहत सबसे बड़ा पुरुष वंशज उत्तराधिकारी होता है, लेकिन शाही संपत्ति का बंटवारा कानूनी वारिसों के बीच होना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट बोला-उत्तराधिकारी को शेयर करनी चाहिए संपत्ति

जस्टिस पंकज मित्तल और जस्टिस एसवीएन भट्टी की पीठ ने कहा-‘केवल कथित सिंहासन ही उत्तराधिकार के नियम के अनुसार ट्रांसफर होता है।शासक की निजी संपत्तियां नहीं।’ पीठ ने हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया जिसमें संपत्ति के उत्तराधिकार में उत्तराधिकार का नियम लागू होने की बात कही गई थी।

इस फैसले के साथ ही कपूरथला के महाराजा परमजीत सिंह के वंशजों के बीच पिछले 49 वर्षों से चल रहे मुकदमे का अंत हो गया। न्यायालय ने निर्देश दिया कि सबसे बड़े पुरुष उत्तराधिकारी को हिंदू उत्तराधिकार कानून के अनुसार अपनी संपत्ति अन्य वैधानिक उत्तराधिकारियों के साथ साझा करनी चाहिए।

केवल ज्येष्ठाधिकार का नियम बरकरार

अदालत ने कहा कि महाराजा द्वारा भारतीय सरकार के साथ हस्ताक्षरित विलय समझौते में सिंहासनारोहण के संबंध में केवल ज्येष्ठाधिकार का नियम ही बरकरार रखा गया था, लेकिन महाराजा की निजी संपत्तियों के संबंध में इसकी कोई गारंटी नहीं दी गई थी।

महाराजा की निजी संपत्ति घोषित की गई संपत्तियां हिंदू कानून/उत्तराधिकार कानून के अनुसार हस्तांतरित होंगी, न कि ज्येष्ठाधिकार के नियम के अनुसार। हाईकोर्ट के विद्वान एकल न्यायाधीश और खंडपीठ का वह निर्णय और आदेश जिसमें यह माना गया है कि संपत्ति के उत्तराधिकार में ज्येष्ठाधिकार का नियम लागू होगा, अवैध है और कानून की दृष्टि से मान्य नहीं है।

विलय समझौते के बाद शासकों ने संप्रभुता त्यागी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि विलय समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद शासकों ने अपनी संप्रभुता त्याग दी और संविधान में निर्धारित कुछ अधिकारों और विशेषाधिकारों के साथ सामान्य नागरिकों का दर्जा प्राप्त कर लिया।

अदालत ने कहा, ‘ऐसा व्यक्ति हालांकि ‘शासक’ के रूप में परिभाषित है, उसके पास कोई क्षेत्र नहीं है और वह किसी भी प्रजा पर संप्रभुता का प्रयोग नहीं करता है। वह केवल कुछ विशेषाधिकारों वाला भारत का नागरिक है क्योंकि उसने या उसके पूर्वजों ने अपना क्षेत्र, शक्तियां और संप्रभुता भारत के अधीन कर दी थी। स्पष्ट रूप से ऐसे शासक केवल नाम के थे, उनके पास कोई भूमि या निजी संपत्ति नहीं थी। वे प्रजाविहीन राजा थे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *